क्या आप घर से काम करते हैं?

1
मोटिवेशनल टिप्स-क्या आप घर से काम करते हैं?

            जो लोग ऑफिस में काम करते हैं उन्हें लगता है कि घर से काम करने वाले कितने मजे में होंगे | जब मर्जी आये तब काम करो , मन करे तो लेट जाओ , कोई आ जाए उससे बात कर लो | फिर काम शुरू करो | वास्तव में ये सब बहुत आसान लगता है औ इसी लिए कई लोग घर से काम करना शुरू करते हैं | अपने मन से काम करेंगे | दिन में समय नहीं मिला तो रात में जाग कर कर लेंगे | सर पर कोई बॉस नहीं होगा | परन्तु जैसा दिखाई देता है वैसा होता नहीं है| खासकर महिलाओं के मामले में | पुरुष अगर घर से काम कर रहे हैं तो ये समझा जाता है कि वो काम कर रहे हैं , इसलिए उनको बेसिक सुविधाएं दी जाती हैं पर महिलाओं के काम को अक्सर इतनी वरीयता नहीं दी जाती और कई बार तो उसे काम ही नहीं टाइम पास समझा जाता है | यकीन मानिए जब मैंने ये लेख लिखा शुरू किया था तब से अब तक मैं तीन बार घर के जरूरी कामों के लिए  उठ चुकी हूँ |

अगर आप घर से काम करते हैं  तो आजमाइए मोटिवेशनल टिप्स 

                                                                        अगर आप घर से काम करते हैं और आप को महसूस हो रहा है की आप को काम जारी रखने के लिए जरूरी मोटिवेशन नहीं मिल रहा है तो खुद को मोटिवेट रखने के लिए आप को दो मुख्य बिन्दुओं पर काम करना होगा | पहले तो आपको डी मोटिवेशन की वजह ढूंढनी होगी फिर उसे दूर करने का प्रयास करना होगा |

घर से काम करने में आने वाली दिक्कतें


किसी भी जॉब का सबसे अच्छा हिस्सा होता है शाम को घर लौटना – अज्ञात

1 )जब आप घर से काम करते हैं तो आप काम करने बैठे तभी बेल बज गयी , पडोसी आये हैं … आप को देखना ही पड़ेगा , कभी फोन की बेल बजेगी , बात करनी ही पड़ेगी , कभी बच्चे किसी काम के लिए मदद मांगेंगे तो देनी ही पड़ेगी | ऐसा इसलिए है क्योंकि हर किसी को लगता है है की आप जब चाहे तब काम कर सकते हैं तो फिर उन्हें तो आसानी से समय दे ही सकते हैं |ऐसे में जब आप किसी नए आइडिया के साथ  काम कर रहे होते हैं तो कई बार वो आइडिया ही दिमाग से निकल जाता है |

2 )इफरात में समय किसी के पास नहीं होता , घर से काम करने वाले भी घर के जरूरी काम निपटा कर अपना प्रोफेशनल काम करने बैठते हैं | अगर इस तरह से बार -बार उनका ध्यान भटकता रहा तो वो रात में जाग कर या सुबह जल्दी उठ कर ही अपना काम कर पायेंगे | यानी उन्हें डबल ड्यूटी देनी पड़ती है जो सेहत के लिए नुकसानदायक है |

3) कई बार आप ही अपना समय ये सोंच कर बर्बाद कर देते हैं की कल कर लेंगे| ऐसे कल -कल पर टलता हुआ काम अपना मोटिवेशन खो देता है |

4) आप को 24 घंटे घर में ही रहना है यानी आप के घर का वातावरण बिलकुल नहीं बदलता जिस कारण आपको धीरे -धीरे बोरियत होने लगती है जो आपके काम पर भी असर डालती है |

5) घर से काम करने पर आपके आने -जाने का समय बचता है जिस कारण  कई बार आप ज्यादा काम कर पाते हैं | आपको हर थोड़ी सी फुरसत के समय काम दिखाई पड़ता है |  आप आउटगोइंग कम हो जाते हैं | धीरे -धीरे आपके रिश्ते आपसे दूरी बनाने लगते हैं | जब कभी आप गेट टुगेदर में आप पहुँचते हैं तो आप एलियन नज़र आते हैं |

                                                                        जाहिर हैं अगर आप घर से काम करते हैं तो आप ये सब समस्याएं महसूस कर रहे होंगे | लेकिन अपने काम और लाइफ को बेलेंस रखने के लिए आपको खुद को मोटिवेट रखना बहुत जरूरी है | इसके लिए कुछ उपाय हैं |

सोंचिये आप घर से क्यों काम करते हैं
                                                         अगर आप ये सोंचते हैं कि आप घर से क्यों काम करते हैं तो आप का स्ट्रेस थोडा कम हो जाता है | इसलिए इसे रोज अपनी सोंच में दोहरा लीजिये | इसकी कई वजह हो सकती हैं –

आप फ्री लांसर हैं |
आप के घर में छोटे बच्चे या कोई बीमार है और आप उसके केयरगिवर  हैं |
अभी आप का बजट आपको अपना ऑफिस खोलने की इजाज़त नहीं देता |
आप  शौकिया  काम करते हैं |
आप खुद बीमार रहते हैं |
                                 अगर ऐसी कोई वजह है तो आप जानते हैं  कि घर से काम करना ही आप के लिए बेस्ट ऑप्शन है | इसलिए जब भी बोरियत लगे या ये लगे की बाहर से काम करने वाले ज्यादा खुश है तो आप अपनी लायबिलिटी याद कर लीजिये|

रिलेटेड -2018 में लें हार न मानने का संकल्प

अपने कमरे को ऑफिस की शक्ल दें 

                                                                 जब मैंने घर से काम करना शुरू किया था तो मैंने महसूस किया की मैं अपना लैपटॉप उठा कर कहीं भी काम कर सकती थी ,पर इससे दिक्कत ये आ रही थी कि कोई मेरे काम को सीरियसली नहीं ले रहा था , यहाँ तक मैं भी अपने काम को सीरियसली नहीं ले पा रही थी | अरे काम ही तो करना है , कभी भी कर लेंगे के कारण काम में बहुत टाल -मटोल हो रही थी | मैं ये काम करही हूँ ऐसा कोई मोटिवेशन भी नहीं मिल रहा था | फिर मैंने एक कमरे को ऑफिस की शक्ल दी | अगर आप चाहे तो कमरे के एक कोने को भी ऑफिस की शक्ल दे सकते हैं | ये छोटा सा काम आप को मानसिक रूप से ऑफिस में होने का अहसास करवाएगा और कभी भी कर लेंगे की फीलिंग से निजात भी दिलवाएगा |

टफ शेड्यूल बनाइये

                                   बहार काम करने वाले हर रोज ७ से आठ घंटे काम करते हैं | अगर आप घर से काम करते हैं तो आप को भी इतना ही समय अपने काम को हर रोज देना है | ये बात आपके रिश्तेदारों , मित्रों परिचितों को पता होनी चाहए कि वो आपके काम के समय आप को बिनावजह  डिस्टर्ब न कर सकें | अगर वो ऐसा करते हैं तो आप को उन्हें सम्मान पूर्वक ना कह कर अपना काम करना चाहिए | शुरू में उन्हें बुरा लग सकता है पर धीरे -धीरे वो समझ जायेंगे | लेकिन अगर आप ने शुरू में ये काम नहीं किया तो  आप शुरू से ही इतने डिमोटिवेट हो जायेंगे कि आप अपना काम छोड़ भी सकते हैं |

डिस्ट्रेकशन के लिए समय रखिये

                                       आप कितनी भी कोशिश कर ले ऐसे परिस्थितियाँ आएँगी ही आएँगी जिनकी वजह से आपका काम से ध्यान हटेगा | जैसे बच्चे बीमार पड़  सकते हैं , दूर के रिश्तेदार आ सकते हैं या कोई अन्य जरूरी काम आ सकते हैं | ऐसे में आप घर में हैं तो आप को ये काम करना ही पड़ेगा और आप  के ८ घंटे काम के  नहीं हो पायेंगे | ऐसे में आप दो चीजे कर सकते हैं कि पहले से ही कुछ समय इसके लिए रखिये , अगर कोई जरूरत नहीं पड़ती है तो ठीक है नहीं तो आप का ये बचा समय आप काम को दे सकते हैं |

खुद को संडे की छुट्टी दें

                                  ऑफिस से तो हमें छुट्टी मिलती है पर घर से काम करने वालों को कोई छुट्टी नहीं मिलती | वो खुद ही ज्यादा काम करने की धुन में ऐसा करते हैं जो की डीमोटिवेशन का कारण बनता है | इसलिए हफ्ते भर काम करने के बाद खुद को संडे की छुट्टी गिफ्ट करें | यहाँ कुछ जरूरी काम निपटाएं व् कुछ रिश्तेदारों के घर जाएँ उन्हें फोन करें ताकि आप का भावनात्मक पक्ष मजबूत रहे |याद रखिये खाली काम , सफलता और पैसा ही खुशियाँ नहीं देता , खुशियों के लिए रिश्ते भी मजबूत होने चाहिए |

एक्सरसाइज़ पर दे ध्यान

                     जो लोग घर से काम करते हैं , क्योंकि उन्हें लोगों से मिलना नहीं होता है इसलिए वो आरामतलब कपडे पहनने लगते हैं , बालों पर और लुक्स पर ध्यान देना बंद कर देते हैं , साथ में काम करते हुए कुछ न कुछ खाना -पीना चलता रहता है | ये सब सेहत को बिगड़ने के लक्ष्ण हैं | अगर आप घर से काम करते हैं तो अपनी सेहत पर ध्यान दें रोज वाक या एक्सरसाइज़ करें , हेल्दी  खाएं व् कुछ अच्छा पढ़ें |

                                                             अंत में यही कहना चाहूंगी कि घर से काम करना आसान नहीं होता है या कम से कम इतना तो कहा ही जा सकता है कि वो ऑफिस में काम करने से बेहतर तो नहीं हो सकता है | फिर भी अगर आप को किसी भी कारणवश घर से काम करना पड़ रहा है तो उपरोक्त तरीके अपनाइए ताकि घर से काम करते हुए भी आप मोटिवेटेड रहे व् अपने काम को अपना बेस्ट दे पाएं |

नीलम गुप्ता

यह भी पढ़ें …


आपको  लेख मोटिवेशनल टिप्स-क्या आप घर से काम करते हैं?  कैसा लगा  | अपनी राय अवश्य व्यक्त करें | हमारा फेसबुक पेज लाइक करें | अगर आपको “अटूट बंधन “ की रचनाएँ पसंद आती हैं तो कृपया हमारा  फ्री इ मेल लैटर सबस्क्राइब कराये ताकि हम “अटूट बंधन”की लेटेस्ट  पोस्ट सीधे आपके email पर भेज सकें 
keywords:work from home, motivational tips, motivation

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here