हिन्दुस्तानी मेमने -उपन्यास अंश

 

युद्ध किसी के पक्ष में नहीं होते, न जनता के, न सरहदों के, न उन सैनिकों के जो सियासी फ़ैसलों के कारण युद्ध में झौंक दिए जाते हैं। युद्ध हर हाल में टाले जाने चाहिए पर जब आन पड़े, तो एकजुट होकर प्राणों के उत्सर्ग तक सामना करना ही धर्म है। अभी हाल में आतंकवाद के विरोध में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता से गर्वित आम भारतीय मानस, थोपे जा रहे एक अन्य युद्ध का वीरता पूर्वक सामना करने को तैयार था, लेकिन शांति के बिगुल का भी उसने उतने ही मन से स्वागत किया । ऐसी समकालीन परिस्थितियों में “हिन्दुस्तानी मेमने” जैसे उपन्यास का आना और भी प्रासंगिक हो जाता है।

 

तीन दोस्तों की इस करूण गाथा में युद्ध की विभीषिका है, भारत के विभाजन का दर्द है, आज़ाद हिन्द फौज के उदय और विलय का इतिहास है, और साथ ही देश की तत्कालीन परिस्थितियों पर चिंतन-मंथन भी है। लेखक ने घटनाओं को निष्पक्षता से इतने ब्योरेवार रखा है कि जिन्हें इतिहास की जानकारी नहीं है उनके लिए बहुत कुछ जानने समझने का अवसर भी है, ये उपन्यास। यूँ “गड़े मुर्दे उखाड़ना” कहावत नकारात्मक रूप से ली जाती है । परंतु इतिहास के संदर्भ में ये पूरा सच नहीं हैं । हमारा वर्तमान सदैव इतिहास से ही आकार लेता है। ऐसे में ये उपन्यास इतिहास से कई महत्वपूर्ण प्रश्न उठाता है, जिनकी बुनियाद पर स्वतंत्र भारत ने आकार लिया। आइए पढ़ते हैं वरिष्ठ उपन्यासकार डॉ. अजय शर्मा के आने वाले उपन्यास ‘हिन्दुस्तानी मेमने” से एक अंश

 

हिन्दुस्तानी मेमने -उपन्यास अंश

 

पाकिस्तान से लड़ाई खत्म हुए भी दो-तीन साल बीत गए थे। उस लड़ाई ने देश के भीतर कई तरह की चिंगारियों को हवा दे दी थी। इस बीच हिंदुस्तान का एक और भू-भाग बंगला देश के नाम से अस्तित्व में आ गया था। फौजियों को इधर-उधर ले जाने का काम चल रहा था। सब कुछ फिर से गति से चलने लगा था। देखते ही देखते भारत का राजनीतिक माहौल खराब होना शुरू हो गया था। देश की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने बहुत सारे सैनिक वापस कर दिए थे। राजनीति का बाजार गर्म था। इस तरह के कई बिंदु थे, जिसके चलते इंदिरा गांधी का ग्राफ गिरने लगा था। समय अपनी गति से चल रहा था। कहते हैं, जब बुरे दिन आते हैं, इंसान गलतियों से सबक नहीं लेता, बल्कि गलती पर गलती करनी शुरू कर देता है। ऐसा ही कुछ-कुछ कांग्रेस सरकार कर रही थी। इस बीच इंदिरा गंाधी ने इमरजेंसी घोषित कर दी थी। हर कोई त्रस्त था, लेकिन बोलने का अधिकार किसी को नहीं था। अगर कहूं कि लोकतंत्र की हत्या हो गई थी, गलत नहीं होगा। हमारे पास भी सारी खबरें सेंसर होकर आती थीं। प्रेस पर सारा कब्जा संजय गांधी ने कर लिया है। इंद्र कुमार गुजराल सूचना एवं प्रसारण मंत्री थे।
एक दिन हमारे दफ्तर आए, पता चला जलंधर के बारे उनके मन में बहुत-सी यादें हैं। उन्हें यह जानकर भी बड़ी खुशी हुई, मैं जलंधर का रहने वाला हूं। और आजाद हिंद फौज का फौजी रहा हूं। वह सुन कर इतने प्रसन्न हुए और प्रसन्नता से कहने लगे, ‘जय हिंद।’
मैंने भी तुरंत कहा, ‘जय हिंद।’
जाते समय कह गए, ‘कभी घर आना जलंधर के बारे में बातें करेंगे। मुझे जलंधर से बहुत लगाव है। ‘
उसके बाद कभी-कभार, मैं उनसे मिलने के लिए उनके घर चला जाता था। मुझे उनके घर में जाने के लिए कोई रोक-टोक नहीं थी।
एक दिन, शाम ढलने के बाद, मैं उनके घर गया, वह बहुत उदास बैठे थे।
मैंने पूछा, ‘क्या हो गया सर? जलंधरी कभी उदास नहीं होते। जलंधरियों को नाथों से वरदान मिला हुआ है। वैसे जलंधर के नाम पर कई किंवदंतियां जुड़ी हुई हैं। एक किंवदंती यह है कि जलंधर का नाम जलंधर नाथ के नाम से जुड़ा हुआ है। इस नाम को नाथों की परंपरा से जोड़ कर देखा जाता है। गोरख नाथ, बाबा बालक नाथ इसी परंपरा से आते हैं।’
मेरी बात सुन कर तुरंत बोले, ‘नाथ परंपरा गुस्सैल मानी जाती है। अपने स्वाभिमान की रक्षा करने के लिए किसी से भी भिड़ जाती है।’
मैंने तुरंत कहा, ‘बात आपकी सही है, आप ऐसी बातें क्यों कर रहे हैं?’
उन्होंने मेरी बात सुनते ही कहा, ‘नाथ परंपरा आज मेरे सिर पर चढ़ कर बोलने लगी। उसी के चलते, आज ही सुबह एक पंगा हो गया है।’
मैंन तुरंत पूछा, ‘क्या हो गया सर?’
उन्होंने तुरंत कहा, ‘हुआ कुछ खास नहीं। अगर देखा जाए, बहुत खास था।’
मैंने उत्सुकता वश पूछा, ‘सर पता चले क्या हुआ है? अगर मैं आपके किसी काम आ पाऊं, अपने-आप को सौभाग्यशाली समझूंगा।’
वह मंद-मंद मुस्कुराए और बोले, ‘असल में तुम्हारे हाथ में कुछ है नहीं। हाथ में मेरे भी कुछ नहीं है। जो कुछ मेरे हाथ में था, मैंने कर दिया है।’
उनकी बात सुन कर मेरी जिज्ञासा बढ़ गई और मैंने कहा, ‘सर, अब सुनने को मन कर रहा है?’
गुजराल जी बोले, ‘मैं सुबह ग्यारह बजे के आसपास इंदिरा गांधी जी से मिलने गया था, क्योंकि मुझे बुलाया गया था। मैं यह भी जानता था, बुलाया क्यों है? वहां जाकर पता चला, इंदिरा जी का एक भाषण ब्रॉडकास्ट न होने के चलते, सब लोग मुझ से नाराज थे। मेरी बदकिस्मती थी या संजय गांधी के ग्रह-नक्षत्र ठीक नहीं थे, नहीं जानता। मेरे पहुंचने तक, वह निकल चुकी थीं। आप तो जानते हैं, आजकल, संजय गांधी ने प्रेस का सारा नियंत्रण अपने हाथ में ले रखा है।

संजय गांधी ने मुझे हिदायत देते हुए कहा, ‘आकाशवाणी के बुलेटिन प्रसारण से पहले मुझे दिखाए जाएं।’
मैंने तुरंत कहा, ‘मैं प्रसारण होने से पहले खुद नहीं देखता, आपको दिखाने का सवाल ही पैदा नहीं होता।’
मेरी बात से शायद उसके अहम् को चोट पहुंच गई।

वह गुस्से से आग बबूला हो गया और बोला, ‘तुम्हारी यह मजाल, तुम संजय गांधी से जुबान लडा़ओगे। सारा भारत मेरे इशारों पर नाचता है। इन दिनों वे लोग भी मेरे इशारों पर नाचते हैं, जिनके इशारों पर दुनिया नाचती है। देखा नहीं, फिल्म इंडस्ट्री के गाने-बजाने वाले लोग भी, मेरे इशारों पर नाचने लगे हैं।’

उसकी बात सुन कर मेरे अंदर वही जलंधर नाथ वाला योगी जाग गया और मैंने झट से कहा, ‘संजय गांधी जी, आपके इशारे पर सारा संसार नाच सकता है, लेकिन मैं नहीं। मैं आपकी मां का मंत्री हूं, आपका नहीं।’

उसने मेरी बात सुनते ही कहा, ‘ऐसा नहीं चलेगा। अभी मैं प्यार से बात कर रहा हूं। तुम्हें मेरे गुस्से का पता नहीं है।’
मैंने भी तुरंत कहा, ‘जब तक मैं हूं, ऐसा ही चलेगा। देश आपके इशारों पर क्यों चलेगा? वैसे भी प्रधानमंत्री की कुर्सी आपकी मां को विरासत में मिली है। काबिल लोगों की पार्टी में कमी नहीं थी। भविष्य में आपको मिले न मिले, क्या कह सकते हैं? लोकतंत्र में ऐसा नहीं होता। जिस दिन जन की आवाज गूंजी, उस दिन मुंह के बल गिर जाएंगे। संविधान को सूली पर चढ़ा कर राज नहीं किया जा सकता। भविष्य में इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।’

मेरी बात सुन कर वह भड़क उठा था और गुस्से में दांत पीसते हुए बोला, ‘लोकतंत्र में ऐसा ही होता है। इस गद्दी को बचाने के लिए इतना बड़ा खेल किया है, तुम अब भी लोकतंत्र की दुहाई दे रहे हो। लोकतंत्र नाम की चिड़िया को खत्म कर दिया जाएगा। न रहेगा बांस, न बजेगी बांसुरी।’

मैं उसकी बात का मतलब नहीं समझ पाया था, वह कहना क्या चाहता था? लेकिन वह बात करता हुआ बद्तमीजी पर उतर आया था। बोलते-बोलते उसकी जुबान कांपने लगी थी।

उसकी बकवास सुनने की मुझ में हिम्मत नहीं थी। मैंने सुनी और सुन कर चुप रहा था। मैं वहां से उठा और घर आ गया।
इस बीच चाय मेज पर पड़ी-पड़ी ठंडी हो चुकी थी। गुजराल साहब ने चाय की प्याली बिना प्लेट के उठाई और एक ही सांस में पी गए।
प्याली को प्लेट में रखते हुए बोले, ‘मुझे भी अभी-अभी खबर मिली है, मेरी जगह पर विद्याचरण शुक्ल को नया सूचना एवं प्रसारण मंत्री बना दिया गया है।’

उस बात के बाद हम दोनों में खामोशी पसर गई। इतने में उनके फोन की घंटी बजी और वह जल्दी से उठ कर फोन की तरफ जाने लगे। जैसे ही वह कुर्सी से उठे, मैं भी जल्दी से उठा और उनसे विदा लेकर घर की तरफ निकल पड़ा।

2
मैं वहां से उठ कर घर आ गया था। मुझे गुजराल जी की घटना ने बहुत उदास कर दिया था। जलंधरी होने के नाते, मुझे सब कुछ अपने साथ घटता हुआ नजर आने लगा। उन्होंने एक बार बताया था, ‘जलंधर में व्यंगयकार, दीपक जलंधरी से उनकी गहरी दोस्ती है।’
दीपक जलंधरी मुझे भी बड़ी अच्छी तरह से जानते थे। इसी के चलते हमारी नजदीकियां बढ़ गई थीं। सारा दफ्तर हैरान था, अजीत के पास कौन-सी गिद्दड़ सिंघी है, जो उसने मिनिस्टर साहब को सुंघा दी है। जब मैं वहां से उठ कर वापस लौट रहा था, तब सोच रहा था, बाजी पलट रही है। इस तरह लोकतंत्र का गला घोंट कर लंबी रेस का घोड़ा नहीं बना जा सकता। मैंने जिंदगी में बहुत बाजियां पलटते हुए देखी हैं। अचानक मुझे मलाया से वापसी लौटने की आखिरी घटना याद आ गई। किसी ने उम्मीद नहीं की थी, बाजी पलट जाएगी, लेकिन पलट गई थी।

मुझे आज भी याद है, हिंदुस्तान की धरती पर पहला कदम रखा, सब लोगों ने मां की मिट्टी का तिलक किया और भगवान का धन्यवाद किया।
जब सारी योजना बन गई थी, तब जापानी अफसरों के साथ तय हुआ था, हिंदुस्तानी सैनिक सारी कमान संभालेंगे। जापानी केवल हिंदुस्तानियों की सहायता के लिए साथ रहेंगे। जिस दिन हमने कूच करना था, उस दिन सबके माथे पर तिलक किया गया। हिंदुस्तान की मिट्टी को माथे पर लगा कर, सबको मणिपुर की तरफ रवाना किया गया। जापान भी चाहता था, दूसरे विश्व युद्ध के चलते फिरंगी इस रास्ते से आगे न बढ़ पाएं। इसी के चलते यह फैसला लिया गया था, जापान की फौज भारत पर मणिपुर के इंफाल पर, किसी तरह से कब्जा कर ले। इससे युद्ध के परिणाम बदल सकते हैं। हम लोगों ने आगे बढ़ते हुए कोहिमा के छोटे से गांव पर हमला किया और फिरंगियों को वहां से खदेड़ दिया था, लेकिन वहां युद्ध भयंकर हुआ था। उस युद्ध में कितने लोग मरे, इस बात का अंदाजा लगाना मुश्किल था।

नेता जी का मानना था, ‘अगर हम लोग वहां कब्जा करने में कामयाब हो जाते हैं, हिंदुस्तानियों के मन में आजादी का बिगुल बजा देंगे। विदेशी धरती पर, हम लोग जितने मर्जी सांप मार कर फेंक दें, लेकिन जब तक सपेरा नहीं मरता तब तक कुछ नहीं होगा।’
असल में जापान और हिंदुस्तानियों के अपने-अपने स्वार्थ इस में छुपे हुए थे। दोनों एक-दूसरे के पूरक बन कर, बर्मा से होते हुए इंफाल की तरफ चले थे।

जापानियों का एक मात्र मकसद था, किसी तरह से मणिपुर के इंफाल पर कब्जा कर लिया जाए। वे जानते थे, अगर फिरंगियों की सेना की नाक में नकेल डालनी है, तो उसका पहला पड़ाव यही है। ऐसा करने से उनकी इस तरफ आने के लिए तालाबंदी हो जाएगी। अगर ऐसा हो गया, जापानी, फिरंगियों की आपूर्ति की हर चीज को जब्त करने में सक्षम हो जाएंगे। इस मामले में हिंदुस्तान और जापान का मत एक था, क्योंकि दोनों देशों निशाना एक था।

नेता जी का मानना था, ‘अगर ऐसा हो गया, तो ब्रिटिश शासन के खिलाफ भारतीय जनता में विद्रोह का बिगुल बजाया जा सकेगा। ऐसा करके हिंदुस्तानियों को, अंग्रेजी हुकूमत को देश से जल्द से जल्द निकाल देने का संदेश देना जरूरी है। सब कुछ ठीक चल रहा था। इस बीच 14 अप्रैल 1944 को आजाद हिंद फौज के सैनिक कर्नल शौकत अली मलिक ने, पहली बार भारत की जमीन पर भारत का झंडा फहराया था। कर्नल मलिक ने कुछ मणिपुरी और आजाद हिंद फौज के साथियों की मदद से मणिपुर स्थित मोईरांग नामक जगह को अंग्रेजी हुकूमत से मुक्त करवा कर राष्ट्रीय ध्वज फहराया था। हालांकि अंग्रेजी हुकूमत से इसे मुक्त करवाना, टेढ़ी खीर से कम नहीं था, लेकिन जापानियों की मदद से यह संभव हो पाया। यह उपलब्धि, हमारे जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक थी। आज सोचता हूं, लगता है, यही वह गाथा है, जो समर गाथा से विजय गाथा में बदल गई। ‘मोईरांग’ की धरती ऐसी धरती है, जिस पर आजाद हिंद फौज ने पहली बार अंग्रेजी हुकूमत से मुक्त करवा कर अपनी हुकूमत का परचम लहराया था। आजाद हिंद फौज की हुकूमत की घोषणा की खबर लगातार कई दिनों तक रेडियो टोक्यो एवं रेडियो ताशकंद द्वारा की जाती रही। एक दिन आजाद हिंद फौज की कामयाबी को देख कर जवानों को संबोधित करते हुए नेता जी ने कहा था, ‘बहादुरो, यदि तुम इसी तरह डटे रहे, वह दिन दूर नहीं, जब लाल किला भी हमारी आवाज सुनने के लिए मजबूर हो जाएगा और हमें स्वीकार कर लेगा।’

नेता जी की सिंह गर्जना से, सभी फौजियों की नसों में खून खौलने लगा था। रेडियो सुन रहे फौजियों ने सुनते ही कहा था, ‘आपके मुंह में घी-शक्कर।’

‘मोईरांग’ विजय के इस अवसर पर नेताजी ने रेडियो से कर्नल शौकत मलिक की बहादुरी को सम्मानित करते हुए ‘आजाद हिंद फौज’ की ओर से उन्हें विशिष्ट तमगा प्रदान करने की घोषणा की था। इसमें कोई दो राय नहीं, वह दिन इतिहास के सुनहरी अक्षरों में लिखा जाएगा।

मोईरांग’ विजय के बाद आजाद हिंद फौज का हौसला आसमान को छूने लगा था।
कहते हैं खुशी को कई बार नजर लग जाती है। कुछ ऐसा ही हुआ था, उस समय। यह हुकूमत लगभग तीन महीने तक रही। गोरे कोव्वे ने सौ से भी अधिक जहाजों से बमबारी करके, इसे फिर से अपने कब्जे में ले लिया था।जब कोई विपत्ति की घड़ी आती है, सारे कोव्वे एक ही पेड़ पर आकर बैठ जाते हैं और कांव-कांव करने लगते हैं। इसके चलते, हिंदुस्तान के हौसले बुलंद थे, लेकिन जापानियों के मन में अहंकार आ गया था। वही अंहकार सबके पतन का कारण बना।

उनके अफसर हमेशा कहते, ‘जैसे मलाया में इनका सफाया किया था, वैसे ही कोहिमा और इंफाल से भी इन्हें भगा देंगे।’
लेकिन हुआ सब कुछ विपरीत। अंगे्रजों ने यहां बहुत ज्यादा तैयारी की हुई थी। उसका नतीजा यह हुआ, जापानी सेना को इतना नुक्सान हुआ, जितना उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था। इसका सीधा असर उनकी सैन्य क्षमता पर पड़ा और उनकी सैन्य क्षमता कमजोर होती चली गई। उसी कमजोरी के चलते उनकी हर चीज पर असर पड़ा। जापानी फौज की स्थिति बद से बद्तर होती चली गई। जिसे वह जीत को सुनिश्चित मानते थे, वही उनकी हार का कारण बन गई। हम लोग पहले ही आगे बढ़ चुके थे। खराब मौसम के चलते, हम लोग अपनी तरह का संघर्ष कर रहे थे। कुल मिला कर बर्मा अभियान को मुंह की खानी पड़ी। कुछ अफसरों का मानना था, पर्ल हर्बर हमला, सबसे खराब रणनीति का हिस्सा था। उसी ने दूसरे विश्व युद्ध के समीकरणों को बदल दिया था। जब फौजियों को खाने के लिए भोजन मिलना बंद हो जाए, ऐसे में आधा युद्ध आप पहले ही हार जाते हैं। आपूर्ति बंद होने से, उनका मनोबल आसमान से सीधा धरती पर गिर गया था। उन्हें लगने लगा था, उनका अभियान कभी सफल नहीं होगा। मुझे जापानी अफसरों की शक्ल संजय गांधी से मिलती हुई नजर आने लगी। जापानियों की तरह, उसमें भी अपनी मां की कुर्सी का अभिमान कूट-कूट कर भरा हुआ था। बचपन से पाठ पढ़ते आए हैं, अभिमान का सिर नीचा। किसी ने ऐसा नहीं सोचा था, इमरजेंसी केवल इंदिरा गांधी नहीं, बल्कि पूरी कांग्रेस की जड़ों में बैठ जाएगी, और उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी।
3

इस दौरान इंदिरा गांधी को लेकर कई तरह के सवाल विपक्ष ने उठाने शुरू कर दिए थे। जो सवाल तेजी से उठ रहा था, वह इंदिरा गांधी का अफगानिस्तान के दौरे के दौरान बाबर की मजार पर जाना था। इस बात को विपक्ष ने अच्छी तरह से उछालना शुरू कर दिया है। कई अखबारों में इस बात का जिक्र होना शुरू हो गया था। इस बीच एक पी.टी.आई. का पत्रकार रेडियो स्टेशन रिकार्डिंग के लिए आया, जो इंदिरा गांधी से बहुत दुखी था। वह पहले भी कई बार आया था, मुझे अच्छी तरह से जानता था।
जब मैंने उससे बात की, वह बोला, ‘कुछ भी अच्छा नहीं हो रहा है। इतनी झूठी खबरें हमें छापने के लिए भेजी जाती हैं, जिन्हें हमें छापना पड़ता है। कहते हैं, जो कुछ हम लोग बोते हैं, वह कभी न कभी हमारे सामने आ जाता है। कांग्रेस के साथ भी यही हो रहा है। इंदिरा गांधी को बाबर की मजार पर गए हुए कई साल बीत चुके हैं, लेकिन अब उस बात को लेकर बाजार गर्म है। कोई कह रहा है, नेहरू के बाद इंदिरा भी उसी रास्ते पर चली हुई है।

विपक्ष तो इल्जाम लगा रहा है, ‘बाबर आक्रांता के रूप में भारत आया था। उसका हिंदू और मुसलमान से कोई लेना-देना नहीं था।’
वैसे बहुत सी बातें हैं, जो अभी खुल कर सामने नहीं आई हैं। मेरी नटवर सिंह जी से बात हुई थी।
नटवर सिंह जी कह रहे थे, ‘समय आने पर एक किताब लिखेंगे और उसमें जिक्र करेंगे, अफगानिस्तान में क्या हुआ था?’
मैंने तुरंत पूछा, ‘क्या हुआ था?’

उसने तुरंत कहा, ‘इसके बारे में नटवर सिंह से सुनी-सुनाई बात है। सच और झूठ का अंतर नहीं पता।’
मैंने फिर कहा, ‘फिर भी ऐसा क्या कहा था?’

मेरी बात सुन कर वह बोला, ‘नटवर सिंह ने कहा था, मैंने चेतावनी देते हुए सतर्क किया था, ‘मैडम, बाबर की मजार पर मत जाओ। जब यह खबर भारत के मीडिया में जाएगी, आग लग जाएगी। हाहाकार मच जाएगा।’
‘फिर क्या हुआ?’ मैंने जिज्ञासा जाहिर करते हुए पूछा?

उसने मेरे चेहरे पर निगाह डाली और कहा, ‘इंदिरा गांधी नहीं मानीं और कहने लगीं, ‘कुछ भी हो जाए, मुझे बाबर की मजार पर जाना है। वैसे भी मीडिया को इस बात की जानकारी नहीं हो सकती, क्योंकि इस समय यहां केवल तुम हो और मैं।’
नटवर जी ने पलट कर कहा, ‘सुरक्षा गार्ड भी तो हैं। गाड़ी का चालक भी दिल्ली से साथ आया हुआ है। क्या सब लोग चुप रहेंगे?’
इंदिरा गांधी ने जवाब दिया, ‘किसी में इतनी हिम्मत है, मेरे बारे में भारत जाकर कुछ बोलेगा? इसलिए तुम इस बात की चिंता न करो, क्या होगा, क्या नहीं? लेकिन तुम आप अपनी जुबान पर ताला लगा कर रखना।’

नटवर जी ने फिर कहा, ‘मैं तो ताला लगा कर रखूंगा। लेकिन आप जानती हैं, दिल्ली से चलते समय, यह प्रोग्राम शैड्यूल में नहीं था। फिर भी मैडम की जिद्द के आगे झुकना पड़ा।’
मैंने उसकी बात सुन कर पूछा, ‘आखिर इंदिरा गांधी वहां गई क्यों? क्या किया वहां जाकर?’

उसने तुरंत कहा, नटवर जी यही कहते हैं, ‘मैं कुछ दूरी पर खड़ा देख रहा था। मैडम बाबर की मजार के सामने झुक कर और हाथ फैला कर खड़ी थीं। ऐसा लगता था, जैसे कुछ उससे मांग रही हों। वह कुछ देर वहीं रुकी रहीं और आंखों में आंसू लेकर वहां से लौटीं।’

नटवर सिंह जी ने कुछ बात करनी चाही, मैडम ने चुप रहने का इशारा किया और कहा, ‘हमने इतिहास के साथ अपना नाता तोड़ लिया है।’

नटवर जी इंदिरा गांधी की बात सुन कर कहा, ‘आप क्यों, इतिहास से नाता जोड़ने की बात कर रही हैं? यह वही बाबर है, जिसने हमारे राम लला मंदिर को बर्बाद कर दिया। न जाने कितने लोगों को धर्म परिवर्तन करने के लिए मजबूर कर दिया। हमारे देश की राजनीति किस तरफ जा रही है?’

वह बात बता कर चुप हो गया, लेकिन मैं मन में उस घटना के बारे में सोचने लगा। नेहरू भी उसी बाबर की मजार पर जाते हैं, इदिरा गांधी भी उसी मजार पर जाकर अपने-आप को उससे जोड़ती हैं। कैसी विडंबना है? आने वाली पीढ़ियों के सामने इतिहास को तोड़-मरोड़ कर पेश करने की साजिश रचने की बू आ रही है।

मैंने उसकी बात सुन कर कहा, ‘एक छोटी-सी चीनी कहानी मुझे भी याद आ गई। असल में, किन हुई को चीनी इतिहास में एक देशद्रोही के रूप में याद किया जाता है। किन हुई को देशभक्त सेनापति युए. फेई की हत्या की साजिश रचने के लिए जाना जाता है। उसका नाम चीन में एक गद्दार के रूप में लिया जाता है। चीनी लोग उससे घृणा करते हैं। चीन में छल, विश्वासघात और देशद्रोह का दूसरा नाम किन हुई है। इसीलिए कहते हैं, लोग चले जाते हैं, लेकिन उनके किए हुए कारनामे हमेशा दोहराए जाते हैं। यूए. फेई. की कब्र के बाहर किन हुइ और उसकी पत्नी वांग प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। वे सभी घुटनों की मुद्रा में बैठे हुए हैं। उन्हें देख कर ऐसा लगता है, जैसे कोई याचना कर रहे हैं। यही याचना उनके अपमान को दर्शाती है। उन मूर्तियों को देख कर लगता है, देश के साथ गद्दारी कभी नहीं करनी चाहिए। देश के गद्दारों को इतिहास कभी माफ नहीं करता। यही कारण है, चीन के लोग, अपने इतिहास के उन काले पन्नों को कभी नहीं भूलें, जिन्होंने चीन के साथ गद्दारी की। ऐसा सुना है, आज भी लोग वहां जाकर, उन मूर्तियों पर थूकते हैं। अपने आराध्य से प्रार्थना करते हैं, दुनिया में हमें कुछ भी बनाना, लेकिन देशद्रोह कभी मत बनाना।’

एक हमारा देश है, जहां आक्रांताओं की कब्र पर अपनी विरासत ढूंढी जाती है। उनका सिजदा करने के लिए देश में उनकी कब्रों पर मेले लगाए जाते हैं। यही नहीं, जब कोई प्रधानमंत्री देश से बाहर जाता है, तब भी उनकी कब्रों पर जाना नहीं भूलते। उसी कड़ी में प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू हैं।’

मैं अभी बात कर रहा था, इतने में उसे बुलावा आ गया, ‘स्टूडियो खाली है। आप कृपया अंदर स्टूडियो में चले आएं।’
वह जल्दी से मेरे साथ हाथ मिला कर स्टूडियो की तरफ बढ़ गया।’

वह चला गया और मेरे मन में इंद्र कुमार गुजराल जी की बातें, आंखों में एक फिर से तैरने लगी। सब कुछ देख कर लगता था, दाल में कुछ काला नहीं है, बल्कि पूरी दाल ही काली है। सोच कर मेरे दिमाग पर बोझ पड़ने लगा था। मन में ख्याल आया, जब जापान पर एटम बम गिरा, तब भी हमारे नेताओं ने फिरंगियों को बधाई दी थी। मीडिया में ऐसी चर्चा जोरों पर थी, जब नेता जी की मौत रहस्मय परिस्थितियों में हुई, तब भी फिरंगियों ने हमारे नेताओं के साथ एक ट्रीटी साइन की थी। उसका मतलब था, जिंदा या मुर्दा, सुुभाष चंद्र बोस को हमारे हवाले किया जाएगा। अफवाहों का बाजार हमेशा गर्म रहता, नेता जी जिंदा हैं और कहीं छुप कर बैठे हैं। मुझे अच्छी तरह से पता है, जो व्यक्ति के रूप में एक संगठन था, अपनी जान हथेली पर लेकर चलता था, वह इतना डरपोक और कायर नहीं हो सकता। वह किसी से डर कर कहीं छुप कर नहीं बैठ सकता। उसकी मौत, उसे नहीं डरा सकती। मुझे यह कभी-कभी रहस्य लगता है, जिस विमान में उनकी मृत्यु हुई, कहीं किसी ने कोई साजिश तो नहीं रची थी? सोचते हुए मेरे दिमाग पर बोझ पड़ने लगा और मैं वहां से अपने दफ्तर की तरफ चल पड़ा।

कुर्सी पर बैठते ही सुबह का अखबार देखने लगा। वैसे मैं अखबार को कई बार देख चुका था। अखबार का अक्षर-अक्षर पढ़ चुका था। अब बारी थी, स्नेहलता रेड्डी की ए प्रिजन डायरी की आखिरी किश्त पढ़ने की। रोज छपने वाली अखबार से हर टुकड़े को काट कर मैंने अपने पास रख लिया था। आज पता नहीं क्यों मलाया में मुझे एक कमरानुमा जेल में कैद करने वाली घटना की याद आ गई। इसी तरह का शौच जाने का प्रबंध था। उन लोगों में भी इतनी समझ और तमीज थी, उन्होंने उस शौचालय के आगे पर्दा लगाया हुआ था। मेरे मन में ख्याल आया, क्या कोई महिला प्रधानमंत्री इतनी क्रूर भी हो सकती है, जो महिलाओं पर इस तरह का अत्याचार करे? इमरजेंसी में लोकतंत्र का गला कैसा घोंटा गया, किसी से छुपी हुई बात नहीं है। जिस दिन इमरजेंसी घोषित की गई थी, उसके अगले दिन दैनिक जागरण अखबार ने इमरजेंसी के विरोध में संपादकीय लिखने वाली जगह को खाली रखा था। शीर्षक की जगह नया नया लोकतंत्र और नीचे शांत रहे लिखा था। इमरजेंसी का गला घोंटने के लिए, इससे बड़ा तमाचा शायद कोई नहीं हो सकता था।उस समय क्रूरता की सारी हदें पार कर दी गई थीं। इस तरह की क्रूरता मुझे मलाया में भी देखने को नहीं मिली थी।

 

अपनी बात कहने की आजादी वहां भी थी। लेकिन स्वतंत्र देश में, लोक-तंत्र को पर-लोक तंत्र में बदलना सीखना हो, तो इमरजेंसी से सीखा जा सकता है। घटनाएं कई हैं, लेकिन कन्नड़ अभिनेत्री स्नेह लता रेडी के साथ जो कुछ हुआ, उसके बारे में आने वाली पीढ़ियां सुनेंगी, तो उनकी रूह कांप जाएगी। एक महिला होकर महिला का दर्द, क्या समझना था, उसे प्रताड़ित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उस अभिनेत्री को, जब 1970 में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था, तब उसके चेहरे की मुस्कान देखते ही बनती थी। जो तस्वीरें अखबारों में छपी थीं, लोग कहते थे, अभिनेत्री हो, तो स्नेह लता जैसी हो। महिलाओं की प्रेरणा स्रोत बताया गया था। लेकिन उस स्नेह लता को किसकी नजर लगी कह नहीं सकते? कम अभिनेत्रियां हैं, जो अदाकारी के साथ-साथ सामाजिक कार्यों के लिए भी लोगों को जागरूक करती हैं। जब आपातकाल की घोषणा हुई, वह शांति पूर्वक प्रदर्शन के लिए सड़कों पर उतर गई। यही बात प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को खल गई। उन्हें लगा, समंदर में मिट्टी का दीया कैसे चल रहा है। वह अभिनेत्री जार्ज फर्नांडिस की मित्र थी। लगता है, उस पर मित्रता भी भारी पड़ गई। 2 मई 1976 को मीसा के तहत उन्हें बंदी बना कर, सलाखों के पीछे डाल दिया गया। इस एक्ट के तहत कितने लोगों को नाजायज तरीके से जेलों में डाला गया, कभी लोग हिसाब पूछेंगे? जार्ज फर्नांडिस फरार थे, लेकिन उनकी मित्र दबोच ली गई। उसके साथ ऐसे व्यवहार किया, जैसे वह कोई क्रिमिनल हो। मानवता की सारी हदें पार कर दीं। उसे इस तरह से तंग किया गया, आखिर जेल से छूटने के बाद वह कुछ ही दिनों के बाद भगवान को प्यारी हो गई।

मुझे लगा इंदिरा गांधी पर बाबर और औरंगजेब जैसे आक्रांताओं का ज्यादा असर था। इसीलिए, उस दौरान जिसे भी जेल में पटका जाता, सबसे पहले उस महिला को नग्न कर दिया जाता। स्नेहलता इसके बारे में भी जेल में लिखी हुई ‘ए प्रिजन डायरी’ में यह बात दर्ज करते हुए सवाल पूछती हैं, ‘क्या मानव शरीर अपमानित करने के लिए बना है?
मुझे लगता है, इसके पीछे अगर कोई जिम्मेदार है, तो वह है बाबर की मजार पर सिर झुकाने वालों की राजनीतिक मानसिकता। यही कारण रहा होगा, तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू और प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का सिर कभी अयोध्या के मंदिर में नहीं झुका, लेकिन बाबर की मजार के आगे जाकर नतमस्तक होता है।’

जिस जेल में स्नेहलता रेड्डी थी, उसी जेल में अटल बिहारी वाजपेयी और लाल कृष्ण आडवाणी भी कैद थे।

उन्होंने इमरजेंसी के बाद अखबार वालों को बताया, ‘उनकी कोठरी में किसी महिला के चीखने की आवाजें सुनाई देती थीं। तब पता नहीं चलता था चीखने वाला कौन था? हम लोग यही सोचते रहे, ईश्वर ऐसे घृणित कार्य के लिए जरूर दंड देगा।’
मधुदंडवते ने इमरजेंसी के अखबारों में बताया, ‘रौंगटे खड़े कर देने वाली कहानी थी। वैसे भी स्नेहलता अस्थमा की रोगी थी। उन्हें जेल में किसी तरह का उपचार नहीं दिया गया। जब उसकी हालत बिगड़ गई, उसे मरने के लिए 15 जनवरी 1977 को पेरौल पर रिहा कर दिया गया था। उस पर संगीन आरोप लगाए गए थे। स्नेहलता का हाथ दिल्ली की इमारतों को डायनमाइट से उड़ाने का इल्जाम था। यह एक महिला की कहानी है, लेकिन ऐसी पता नहीं कितनी महिलाएं थीं, जिनका गला लोकतंत्र के नाम पर घोंट दिया गया। सुना है, समय बहुत बलवान होता है। कभी न कभी अपने-आप को दोहराता है। जिस दिन दोहराएगा, उस दिन कोई न कोई लेखक इस धरती से पाताल तक, उस काले सच को पानी के पन्नों से मिटा कर कागज के पन्नों में उजागर करेगा। जिस दिन उजागर होगा, उस दिन इतिहास में एक नया चैप्टर जुड़ जाएगा।’
मुझे एक बात बेबे की याद आ गई, वह कई बार कहती थी,
‘जिदां दे दीवे, ओदां दे आले
जिंदा दे जीजे, ओदां दे साले
सारे ई घाले माले’
मुझे ऐसा महसूस हुआ, इमरजेंसी भी घाले-माले का दूसरा नाम था। आजादी से पहले फिरंगी हमें मेमनों की तरह इस्तेमाल करते रहे। आजादी के बाद सरकारें भी, उसी रास्ते पर चली हुई हैं। पता नहीं, इसका अंत होगा या नहीं? इस प्रश्न का उत्तर भविष्य के गर्त में छुपा हुआ है।

 

मैंने एक दोस्त से कहा, ‘शुक्र है, इमरजेंसी का काला दौर खत्म हो गया।
उसने मेरी बात सुनते ही कहा, ‘इमरजेंसी भले ही खत्म हो गई है, लेकिन उसकी दहशत अब भी मन पर अंकित है।’
उसने मेरी बात सुन कर कहा, ‘बात तुम्हारी सोलह आने सच है। अब भी शाम को हर व्यक्ति घर जल्दी पहुंच जाता है। लोग इतना डरे हुए हैं, रास्ते में पकड़ कर कब कोई जेल में डाल दे, कहा नहीं जा सकता। इमरजेंसी के दौरान पता नहीं कितने लोगों की नसबंदी कर दी गई है? कितने लोगों का घला घोंट दिया गया है। कई पत्रकार देश छोड़ कर भाग गए हैं। कई प्रिंटिंग प्रेस बंद हो गई हैं। पत्रकारों की आवाज दबा दी गई है। सच का गला घोंट दिया गया है। जिन लोगों ने अपनी जुबान पर ताला लगा लिया था और सरकारी बोली बोलते थे रहा है, वही लोग बाहर खुले-आम घूमते थे। बोलने वाले लोग सलाखों के पीछे थे।’
बात करते हुए मैंने कहा, मैं अपनी सीट पर चलता हूं। तुम जानते हो, प्रसारण करने वाली खबरें आने का समय हो गया है।’
मैं कह कर अपनी सीट पर बैठ गया और बुलेटिन में बोलने वाली खबरों की स्क्रिप्ट का इंतजार करने लगा ।

डॉ. अजय शर्मा

डॉ अजय शर्मा

यह भी पढ़ें –

हंस सम्मान से सम्मानित कहानी तलईकूतल पर विस्तृत प्रतिक्रिया

सृजन पथ- व्यक्ति से समष्टि की यात्रा

दूध का हिसाब

आपको “हिन्दुस्तानी मेमने -उपन्यास अंश ” कैसा लगा ? अपनी राय से हमें अवश्य अवगत कराएँ । अगर आपको हमारा काम पसंद आता है तो अटूट बंधन पेज को लाइक करें और साइट को सबस्क्राइब करें ।

Share on Social Media

Leave a Comment

error: