सोलमेट – असलियत या भ्रम

सोलमेट - असलियत या भ्रम

                              अभी कुछ दिन पहले एक विवाह समारोह में जाना हुआ |  दूल्हा दुल्हन स्टेज पर बैठे थे , और जैसा की होता है सब उन्ही को देख रहे थे | रंग रूप कद में दोनों एक दूसरे के बराबर थे , न कोई उन्नीस ना कोई बीस | हर कोई तारीफ़ कर रहा था, ” भगवान् ने मिलाया है , कितनी परफेक्ट जोड़ी है |” तभी किसी ने कहा  अरे शिक्षा  और नौकरी में भी दोनों बराबर हैं , इसलिए ये परफेक्ट नहीं सुपर परफेक्ट जोड़ी है यानी की सोलमेट | सबने समर्थन में सर हिलाया | और मैं मन ही मन  सोलमेट की व्याख्या करने लगी |

सोलमेट – असलियत या भ्रम

सोल मेट , जैसा की शाब्दिक अर्थ से  कयास लगाया जा सकता है … एक ऐसा व्यक्ति जो आपकी आत्मा का साथी हो | रिश्तों की नींव  ही साथ रहने की लालसा पर आधारित हैं | हम कई तरह के रिश्ते बनाते हैं | जब कोई नया रिश्ता बनता है ऐसा लगता है कि हम उसी को खोज रहे थे | साथ रहते -रहते उसमें भी कुछ दूरियाँ आने लगती हैं | मन -मुटाव होते हैं , झगडे होते हैं , रिश्ते टूटते हैं या सिर्फ चलने के लिए खींचे जाते हैं | क्योंकि ये सारे रिश्ते सांसारिक हैं , परन्तु आत्मा जो हमारा शुद्ध रूप है अगर हमें ऐसा कोई साथी मिल जाता है जिसके प्रेम का  अहसास हम आत्मा के स्तर पर महसूस करें , तो वही  होगा हमारा सोल मेट | ” सोलमेट “एक ऐसी हकीकत या कल्पना जो हमें रोमांच से भर देती है |

क्या पति -पत्नी होते हैं सोलमेट

                                         बहुधा पति पत्नी को सोलमेट कहा जाता है | पर क्या ये सच हैं ? अगर देखा जाए तो मनुष्य तीन स्तरों पर जीवन जीता है … शारीरिक , मानसिक , आत्मिक या आध्यात्मिक | वही संबध श्रेष्ठ संबंध होते हैं जो तीनों स्तरों पर स्थापित हों | पति -पत्नी का रिश्ता शारीरिक साथी के रूप में होता ही है | विवाह इसी कारण किया जाता है | परन्तु यह रिश्ता मानसिक स्तर पर भी जुड़े ये जरूरी नहीं है | कई बार देखा गया है कि पति पत्नी एक बहुत अच्छे साथी होते हुए भी आपस में ज्यादा देर तक बात नहीं कर पाते , कारण उनका मानसिक स्तर नहीं मेल खाता , रुचियाँ अलग हैं , सोच अलग है  , विचार अलग है | जो आपस में टकराव का कारण बनते हैं |  कलह -कुलह के बीच बीतते जीवन में मन ही नहीं मिलता फिर   आध्यात्मिक या आत्मा के स्तर पर तो और भी बड़ी बात है |

क्या है सोलमेट की परिभाषा

                    अमरीकी लेखक ” रिचर्ड बैच” ने सोलमेट की परिभाषा दी है , उनके अनुसार ….

A soulmate is someone who has locks to fit our keys and keys to fit our locks. when we feel safe enough to open the locks , our truest self  steps out and we can be completely and honestly who we are .

“सोलमेट कोई ऐसा होता है जिसके पास हमारी सारी  चाभियों में फिट होने वाले ताले होते हैं और हमारे तालों में फिट होने वाली चाभियाँ होती हैं | जब हम तालों को खोलना सुरक्षित समझते हैं तब हमारा असल मैं बाहर आता है | तब हम इमानदारी से पूरी तरह वो हो सकते हैं जो हम हैं |”

                      जैसा कि परिभाषा से स्पष्ट है कि हम कितने भी रिश्ते बना लेते हैं परन्तु अपने शुद्ध रूप में किसी के सामने  नहीं रह पाते | इसका कारण ये है कि हर रिश्ते में समन्वय स्थापित करने के लिए कुछ न कुछ परिवर्तन करना पड़ता है | कई बार ये बदलाव इतना ज्यादा होता है कि हमारा असली रूप उसके पीछे कहीं खो सा जाता है | यहीं से शुरू होता है घुटन का एक अंत हीन सिलसिला | महिलाएं तो इसकी अधिकतर शिकार रहती हैं | परन्तु सोलमेट के साथ यह विडम्बना नहीं है | वहां किसी समन्वय की कोई जरूरत नहीं है | हम जैसे हैं वैसे रह सकते हैं | टकराव की कोई गुंजाइश ही नहीं है |

कौन हो सकता है हमारा सोलमेट

                            जैसा की ऊपर ही स्पष्ट कर दिया है कि सोलमेट कोई भी हो सकता है | जरूरी नहीं कि पति -पत्नी हीं  हों , माता -पिता , भाई- बहन , कोई मित्र , पड़ोसी , आपका गुरु , यहाँ तक की कोई दो साल का बच्चा भी | सोलमेट  वही है जिसे देखते ही लगे अरे आप इसे ही  ढूंढ रहे थे … यही तो है आपकी आत्मा का साथी | सोलमेट के साथ उम्र का बंधन नहीं  होता , क्योंकि आत्मा की कोई उम्र नहीं होती |

क्यों मुश्किल होता है सोलमेट को खोजना

                                   जैसा की पहले ही बताया है कि सोलमेट यानि आत्मा का साथी | जरा सोचिये जब जीवन साथी  खोजने में इतनी मुश्किल होती है तो आत्मा का साथी खोजने में कितनी मुश्किल होगी | वैसे भी ज्यादातर मनुष्य शरीर के तल पर ही जीते हैं , मानसिक तल पर भी नहीं , इसलिए उन्हें जरूरत ही नहीं होती की आत्मा के साथी को खोजा जाए | ऐसा साथी जिसके साथ आप खुद को पूर्ण महसूस कर पाए | इसीलिए अधिकतर लोग ये अधूरापन महसूस करते हुए ही दुनिया से चले जाते हैं |

अब सवाल ये उठता है कि आत्मा के साथी को खोजा कैसे जाए | दरअसल उसे खोजने की जरूरत नहीं पड़ती |जब आप उसके साथ होते हैं तो आप को खुद ब खुद पता चल जाता है कि यही तो है वो जिसे आप खोज रहे थे | या जिसको मिलने के बाद कुछ और पाने या किसी और रिश्ते की जरूरत खत्म हो जाती है | मन शांत हो जाता है और आप खुद को पूर्ण महसूस करने लगते हैं |

कई लोग ये कह  सकते हैं कि जब हम कोई नया रिश्ता शुरू करते हैं तो ऐसा ही महसूस होता है , फिर इसमें खास क्या है | खास ये है कि अनबन के बाद अन्य रिश्ते टूटते हैं जब कि ये रिश्ता मन -मुटाव व् अनबन के बाद भी बना रहता है , उतनी ही स्थिरता के साथ … क्योंकि यहाँ अलग होने की कल्पना भी नहीं होती |

क्या राधा -कृष्ण थे सोलमेट

              कहते हैं राधा -कृष्ण एक दूसरे के सोलमेट थे | राधा विवाहित होते हुए भी कृष्ण की दीवानी थीं और कृष्ण राधा को गुरु मानते थे क्योंकि उन्होंने प्रेम करना राधा जी से ही सीखा | वैसे तो प्रेम अपरिमित होता है | सोलमेट वो हैं जहाँ से प्रेम की धारा फूटती है और पूरे विश्व में बहती है | उसका कारण है कि अब व्यक्ति पूर्ण महसूस करता है , अब उसे प्रेम चाहिए नहीं बस देना है |

क्या वास्तव में होते हैं सोलमेट 

                                     मनोवैज्ञानिक अतुल नागर जी कहते हैं कि  एक बड़ी ही रूमानी सी कल्पना है सोलमेट | जरा फ़िल्मी  अंदाज में कहें तो ….

” जब ईश्वर ने ये कायनात बनायीं और आत्माओं को शरीर धारण करने के लिए भेजा तो उन्होंने हर आत्मा के दो टुकड़े कर दिए | वो दूसरा टुकड़ा चाहे जिस शरीर में हो हमारी ही आत्मा का अंश है | इसलिए वही है हमारा सोलमेट , जिसके पास हमारे हर  ताले की चाभी है |” 

                     दरसल मनुष्य हमेशा अपूर्ण महसूस करता है | चाहे व् कितने लोगों से कितना भी प्यार क्यों न करे उसे लगता नहीं कि उसने सब कुछ पा लिया है | एक खालीपन का अहसास रहता है और ये इच्छा भी कि कोई दूसरा आ कर इसे भर दे | इसी ने सोलमेट की कल्पना को जन्म दिया | भले ही हम उसे ढूंढ न पाए पर कोई है बिलकुल हमारे जैसा | ये सोच ही मन को शक्ति से भर देती है |

आध्यात्मिक गुरु डॉ . कोंड्विक के अनुसार , हर आत्मा अपने आप में पूर्ण है | उसे किसी ऐसे साथी की जरूरत ही नहीं है जो उसे पूर्ण करे | ये खालीपन दरअसल अपने आप को ना समझ पाने के कारण होता है | जब आप ध्यान में गहरे उतरते हैं तब आपको अपने आत्म स्वरुप की पूर्णता का अहसास होता है | जो पूर्ण है उसे क्या चाहिए …. वो सिर्फ देगा | सोलमेट का सिद्धांत ही अपूर्णता के सिद्धांत पर आधारित है …. जो आत्मा का स्वरुप है ही नहीं |

                                             खैर सोलमेट होते हैं  या नहीं होते हैं ये रूमानी कल्पना है या हकीकत इसके बारे में अभी कुछ ठीक से कहा नहीं जा सकता | फिर भी कुछ तो खास है इस कल्पना में जो एक सुकून का अहसास देता है | खोजते रहिये क्या पता आपको आप का सोलमेट मिल जाए और ….


वंदना बाजपेयी 






यह भी पढ़ें …

आपको आपको  लेख  सोलमेट -असलियत या भ्रम  कैसा लगा  | अपनी राय अवश्य व्यक्त करें | हमारा फेसबुक पेज लाइक करें | अगर आपको “अटूट बंधन “ की रचनाएँ पसंद आती हैं तो कृपया हमारा  फ्री इ मेल लैटर सबस्क्राइब कराये ताकि हम “अटूट बंधन”की लेटेस्ट  पोस्ट सीधे आपके इ मेल पर भेज सकें |   



filed under-Soulmate, soul

Comments are closed.

error: