आत्मनिर्भरता- कितनी जरूरी

0
archana anupriya

 

अंग्रेजी में एक कहावत है- “God helps those,who help themselves”यानि, ईश्वर भी उसी की मदद करता है जो अपनी मदद खुद कर सकता है। अंग्रेजी की यह कहावत आत्मनिर्भरता की संकल्पना सामने लाती है। व्यक्ति या देश जब अपनी क्षमताओं और अपने प्रयत्नों पर आश्रित होकर कार्य करता है,किसी अन्य के सहारे या किसी अन्य पर निर्भर रहने की उसे जब आवश्यकता नहीं होती है, तब वह व्यक्ति या देश आत्मनिर्भर कहलाता है।

‘आत्मनिर्भरता’या ‘स्वावलंबन’ किसी भी काल में किसी भी व्यक्ति, समाज या राष्ट्र के लिए अनमोल धरोहर है।

“आत्मनिर्भरता- कितनी जरूरी”

आत्मनिर्भरता का अर्थ है – खुद के ऊपर निर्भर होना, स्वयं पर विश्वास रखना अर्थात् भाग्य या दूसरों के सहारे न बैठकर अपनी क्षमताओं का विकास करना। अब सवाल उठता है कि मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है,तो एक दूसरे के साथ रहकर एक दूसरे के काम आना उसका स्वभाव भी है और जरूरत भी, तब ऐसे में, सारा काम वह अपनी क्षमताओं के आधार पर स्वयं ही कर ले, तभी पूर्णतया आत्मनिर्भर कहलाएगा, तो क्या यह संभव है? कदापि नहीं । एक ही आदमी सारे सामान पैदा करना, बनाना, खरीदना,उपभोग करना-सब कैसे कर सकता है ? एक दूसरे की सहायता की जरूरत तो पड़ेगी ही। कोई खाद्य सामग्री बनाएगा तो कोई रहन-सहन की व्यवस्था करेगा, कोई सुरक्षा का जिम्मा लेगा तो कोई यातायात की व्यवस्था करेगा, कोई प्रशासन देखेगाऔर कोई अर्थ की व्यवस्था करेगा… कहने का तात्पर्य है कि एक दूसरे का सहयोग अनिवार्य है। ऐसे में, आत्मनिर्भरता का क्या तात्पर्य हुआ ? यही प्रश्न किसी देश की आत्मनिर्भरता के संदर्भ में भी उठाया जा सकता है। आज के इस वैश्वीकरण के समय में कोई एक देश पूर्णतया आत्मनिर्भर हो कर रहे या यूं कहें कि रॉ मटेरियल से लेकर उत्पादन और उपभोग तक सब कुछ स्वयं ही कर सके यह संभव नहीं दिखाई पड़ता क्योंकि तकनीकि, पेट्रोल, व्यवसाय, संस्कृति- लगभग सभी चीजों के लिए हम परस्पर निर्भर हैं। दुनिया जितनी सिमट रही है, बाजारवाद और प्रतिस्पर्धायें उतनी ही हर क्षेत्र में पनप रही हैं और अगर देखा जाए तो वस्तुओं की विविधता और गुणवत्ता की दृष्टि से यह जरूरी भी है। यह पारस्परिक आदान-प्रदान एक सीमा तक उचित प्रतीत होता है परंतु यह गलत तब प्रमाणित होता है जब केवल आयात हो और बदले में दिया कुछ न जा सके। जब अधिकारों का उपभोग विश्व में बिना कृतज्ञता का निर्वाह किए भिक्षावृत्ति तथा चोरी और लूट-खसोट में हो लेकिन विनिमय न हो, लेने वाला देने वाले के दबाव में रहे, उसकी नाराजगी से डरने लगे, उसकी इच्छा की गुलामी करने को विवश होने लगे तब ऐसे में,आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को जागृत करना अनिवार्य हो जाता है।

सामान्यतया, जब हम दूसरों पर आर्थिक रूप से निर्भर होते हैं, जरूरत से ज्यादा दूसरों की सहायता,सहानुभूति, हमदर्दी, नेकी पर विश्वास करने लगते हैं तब यह स्थिति किसी व्यक्ति, समाज या देश के लिए बहुत हानिकारक होती है।इससे हमारी शक्ति और आत्म उद्योगी भावनाओं का ह्रास होता है। यह आदत हमें निज मददहीनता से भर देती है ।यह बिल्कुल उसी प्रकार है जब किसी शिशु को स्वतंत्र रूप से चलने, दौड़ने या गिरने न दिया जाए और उसके अंदर के आत्मविश्वास में अपंगता भर दी जाए। दूसरों पर निर्भरता किसी राष्ट्र को ऐसे ही आर्थिक और नैतिक रूप से अपंग कर सकती है, देश का स्वरूप विकृत कर सकती है।इसके अतिरिक्त, दूसरों से हमेशा अपेक्षा रखना लगभग स्वयं को दयनीय और तिरस्कार का पात्र बना लेने जैसा है।हम धीरे-धीरे परजीवी होने लगते हैं और अपनी स्थिति दयनीय बना लेते हैं। इसके ठीक विपरीत, यदि व्यक्ति या राष्ट्र वीर है,संकल्पी है, तो मुसीबतों से संघर्ष कर सकता है, आत्मविश्वासी बन सकता है और सब के लिए प्रशंसा का पात्र बन जाता है।प्रयत्न ही किसी को महान बनाता है; सफलता असफलता तो घटती रहती है। आत्मनिर्भरता ही व्यक्ति एवं राष्ट्र को मानसिक दृढ़ता,सहनशीलता एवं नैतिक सुरक्षा प्रदान करती है। कमजोर और पिछड़ा वर्ग भी सीख ग्रहण करता है, प्रयत्नों का हिस्सेदार बनता है और साहसिक प्रवृत्ति से संघर्ष करने तथा उन पर विजय प्राप्त करने की प्रेरणा पाता है। अंततोगत्वा, एक मजबूत और सुनहरे भविष्य का निर्माण कर पाता है।

आत्मनिर्भर व्यक्ति या देश प्रेम और आदर प्राप्त करता है और खुशहाल प्रसिद्ध एवं यशस्वी बनता है, विश्व का नेतृत्व कर सकता है।परहितकारों द्वारा की गई दया आत्म सम्मान के लिए भी घातक है। लेकिन, जब किसी वस्तु के लिए परिश्रम एवं अर्थ हम स्वयं खर्च करते हैं, खून पसीना एक करते हैं तो ऐसी स्थिति में नैतिक दृष्टिकोण बहुत ऊंचा और शांति भरा होता है। आत्मनिर्भरता से ही व्यक्ति समाज और देश की उन्नति होती है और वह निरंतर सफलता की ऊंचाइयों को छूता जाता है। शास्त्रों में भी कहा गया है- “यल्लमसे निज कर्मोपातम्, वित्त विनोदय चित्तम”…अर्थात स्वयं अर्जित किए गए धन का उपयोग करने में एक अकथनीय सुख की प्राप्ति होती है ।आत्मनिर्भरता राष्ट्र या समाज के प्रत्येक व्यक्ति में अद्भुत आत्मविश्वास उत्पन्न करती है और आत्मविश्वासी एवं कर्मठ व्यक्ति ही दुनिया की हर समस्या से जूझने को तैयार हो सकता है।परावलंबी सोच समाज और राष्ट्र को अपाहिज करती है,जबकि आत्मनिर्भरता अमृत का अक्षय स्रोत है।राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त ने बिल्कुल सही लिखा है-

” यह पापपूर्ण परावलंबी चूर्ण होकर दूर हो,

फिर स्वावलंबन का हमें प्रिय पुण्य पाठ पढ़ाइए..”

वास्तव में,आत्मनिर्भरता ही वह गुण है जो जीवन की कठिन राह को आसान बना देता है।स्वावलंबन में वह पुरुषार्थ छिपा है, जिसके आगे सारी वैश्विक शक्ति नतमस्तक हो सकती है।जो दूसरों के सामर्थ्य पर ऊँचाई पाते हैं,वे एक हल्के से आघात से जमींदोज हो सकते हैं क्योंकि दूसरों की सहायता हमारी स्वाभाविक क्षमता के विकास में बाधा बनती है, अपने पैरों को मजबूत बनाने का प्रयास ढीला पड़ जाता है और हर समय एक अनिश्चितता की तलवार लटकती रहती है।इसके विपरीत, जिस देश और समाज के नागरिक आत्मनिर्भरता की बुनियाद पर जीते हैं,वहाँ भूखमरी, बेरोजगारी, निर्धनता जैसी सामाजिक और आर्थिक समस्याएँ नहीं के बराबर होती हैं और वह समाज एवं वह देश उत्तरोत्तर उन्नति करता जाता है।

एक समय था जब भारत सोने की चिड़िया कहा जाता था और काफी हद तक आत्मनिर्भर था।परंतु, कालांतर में विदेशी व्यापारियों ने खासकर अंग्रेजी हुकूमत ने इसी व्यापार के रास्ते भारत में प्रवेश करके और हमारे व्यापार और हमारी आत्मनिर्भरता को गौण करके हमें दासत्व की बेड़ियों में जकड़ दिया। 1947 की आजादी के बाद ऐसे कई मौके आए जब खाद्य और अन्य क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता नहीं होने की वजह से भारत के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाई गई।लेकिन हमारी त्कालीन सरकार के संकल्पों ने इस दिशा में जो जी-तोड़ प्रयास किए और आत्मनिर्भरता की जो नीतियाँ बनायीं,आज उसी वजह से उन क्षेत्रों में हम न केवल आत्मनिर्भर हैं बल्कि इस महामारी के मुश्किल समय में भी जब लॉक डाउन है और उत्पादन जैसे कामकाज ठप हैं, तब भी सामाजिक आपूर्ति के मामले में सक्षम दिखाई दे रहे हैं। इसके अतिरिक्त,अन्य देशों पर निर्भरता हमें उनके मोलतोल की नीति के बुरे प्रभाव से भी साक्षात्कार करा रही है। तभी हम जरूरी दवाइयाँ,पीपीई, मास्क, टेस्टिंग किट बगैरह न केवल उत्पादन करके आत्मनिर्भर हुए हैं बल्कि उनका निर्यात भी आरंभ कर दिया है।

हाँ,यह सही है कि इलेक्ट्रॉनिक क्षेत्रों की क्रांति में भारत अन्य बड़े देशों के मुकाबले थोड़ा पीछे रह गया है, जिसकी वजह से इलेक्ट्रॉनिक पार्टस आयात करने पड़ते हैं। इसके अतिरिक्त, हमारा देश कच्चा तेल, सोना, मोती, पेट्रोलियम उत्पाद, दूरसंचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, औद्योगिक मशीनरी, तेल, मोम, प्लास्टिक आदि कई चीजें आयात करता है।इस दिशा में चीन भारतीय आयात का सबसे बड़ा स्रोत बन गया है,और इसी का फायदा उठाकर वह हमें अक्सर आँखें भी दिखाता रहता है। देश की विदेश व्यापार नीति 2015- 2020 में निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है परंतु आत्मनिर्भरता तभी आ सकती है जब सही मायने में आयात कम हो, निर्यात बढ़े और जरूरत की अधिकांश वस्तुएँ हम स्वयं उत्पादन कर पाएँ।

वर्तमान परिस्थितियों में देखा जाए तो आपदा को अवसर में बदलने की प्रधानमंत्री की सकारात्मक सोच हमारे देश और समाज को एक नई दिशा दे सकती है। लक्ष्य प्राप्ति की भावना “जहाँ चाह, वहाँ राह” के तर्ज पर रुकावट को दूर कर देती है। परंतु, इसके लिए प्रयास भी हमें हर स्तर पर करना होगा-

“उद्यमेन हि सिध्यंति कार्याणि ना मनोरथैः।

नहि सुप्तस्य सिंहस्य मुखे प्रविशन्ति मृगाः”

अर्थात, प्रयत्न से ही कार्य पूर्ण होते हैं, केवल मन की इच्छाओं से नहीं; सोए हुए सिंह के मुंह में मृग स्वयं शिकार बनकर प्रवेश नहीं करता,उसके लिए भी सिंह को प्रयत्न करना पड़ता है। इसीलिए कठोर परिश्रम और दृढ़ इच्छाशक्ति- दोनों ही विकसित करने होंगे क्योंकि आत्मनिर्भरता केवल उपदेश देने से या पाठ पढ़ाने से नहीं आती। जीवन की आवश्यकताएएँ ही आत्मनिर्भरता की भावना को धीरे-धीरे विकसित करती हैं। यही आत्मनिर्भरता हमारे समाज और देश को ‘विश्व गुरु’ बनाने में सहायक होंगी। इसके लिए एकजुट होकर दृढ़ता के साथ प्रयत्नरत होने की जरूरत है। वन में न तो सिंह का अभिषेक होता है,न ही सिंह का कोई संस्कार संपन्न होता है, बल्कि सिंह अपने पराक्रम से ही अर्जित राज्य का राजा बनता है-

“नाभिषेको न संस्कारो सिंहस्य क्रियेत मृगै,

विक्रमार्जित राजस्व स्वमेव मृगेंद्रता।”

इसीलिए, जरूरी है हम समय की माँग को समझें, इच्छाशक्ति से परिश्रम करें और समाज तथा देश को आत्मनिर्भरता की ओर ले जाएँ, तभी विश्व के नेतृत्व करने के कीर्तिमान स्थापित होंगे और हम दुर्गम पहाड़ों का सीना चीर सकेंगे।

अर्चना अनुप्रिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here